Advertisement

जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाया गया श्री सीताराम विवाह रजत जयंती महोत्सव, जयपुर से पहुंचे 400 श्रद्धालु

-जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाया गया श्री सीताराम विवाह रजत जयंती महोत्सव, जयपुर से पहुंचे 400 श्रद्धालु

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर:

श्री रामानंद वैष्णव मंडल जयपुर की ओर से जनकपुरधाम में श्री सीताराम विवाह रजत जयंती महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंडल के अध्यक्ष राम प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में करीब 400 वैष्णव मंडल सदस्य जनकपुरधाम पहुंचे और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।

जनकपुरधाम पहुंचने से पूर्व श्रद्धालुओं ने विश्वामित्र ठहराव स्थल बिसौल, बाग तड़ाग फूलहर और हनुमान गढ़ी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का दर्शन किया। इसके बाद श्रद्धालु जनकपुरधाम पहुंचे, जहां दूसरे दिन सखुवा मरान में कमला पूजा और आरती कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कमला अभियानी बिक्रम यादव ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

श्रद्धालुओं ने गंगा आरती, धनुषाधाम, क्षीरेश्वर महादेव, मणिमंडप, मटिहानी समेत रामायणकालीन धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण किया। भगवान राम और माता सीता के प्राचीन मणिमंडप में विवाह उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।

22 मई को जानकी मंदिर में पारंपरिक ‘राम कलेवा’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें दूल्हा-दुल्हन स्वरूप भगवान श्रीराम और माता सीता को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इस धार्मिक आयोजन में जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, विश्व हिंदू परिषद के धनुषा जिला अध्यक्ष संतोष साह सहित बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महोत्सव के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक उत्सव का आनंद लिया। जनकपुरधाम में आयोजित इस आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संदेश दिया।