Advertisement

जनकपुरधाम के विद्यालयों में मैथिली भाषा की पाठ्यपुस्तक शामिल, कक्षा 1 से 3 तक मातृभाषा में होगी पढ़ाई

-जनकपुरधाम के विद्यालयों में मैथिली भाषा की पाठ्यपुस्तक शामिल, कक्षा 1 से 3 तक मातृभाषा में होगी पढ़ाई

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका ने मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए मैथिली भाषा की पाठ्यपुस्तक लागू कर दी है। अब छोटे बच्चे प्रारंभिक शिक्षा मैथिली भाषा में प्राप्त करेंगे।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के मेयर मनोज कुमार साह, वार्ड अध्यक्ष परमेश्वर साह, पंडित सुरेश शर्मा, मिथिलेश कर्ण तथा नगरपालिकाके अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मैथिली भाषा के नए पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेयर मनोज कुमार साह ने कहा कि मैथिली नेपाल की दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है, लेकिन इसे अपेक्षित सरकारी प्राथमिकता नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि “अपन भाषा जन-जन मिठ्ठा”, इसलिए बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा में देने का निर्णय लिया गया है, जिससे उनमें अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी धीरे-धीरे मैथिली से दूर होती जा रही है और घरों में भी नेपाली भाषा का अधिक प्रयोग होने लगा है। ऐसे में विद्यालय स्तर पर मैथिली की पढ़ाई शुरू होने से बच्चे न केवल भाषा सीखेंगे, बल्कि आपस में मैथिली में संवाद भी करेंगे।
जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका द्वारा कक्षा 1 से 3 तक मैथिली भाषा का पाठ्यक्रम लागू किए जाने का मैथिली विकास कोष के अध्यक्ष जीव नाथ चौधरी सहित अनेक साहित्यकारों, कवियों और बुद्धिजीवियों ने स्वागत करते हुए इसे मातृभाषा संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।