-जनकपुरधाम के मठ-मंदिरों में धूमधाम से मना अन्नकूट महोत्सव, झूलन कुंज में ठाकुर जी को चढ़ाया गया 351 प्रकार के व्यंजनों का भोग
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जनकपुरधाम के विभिन्न मठ-मंदिरों में सोमवार को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
अग्नि कुंड स्थित झूलन कुंज में अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी को 351 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।

वहीं राम जानकी सूड़ी कुटी, व्याहुत कलवार कुटी, श्रृंगार सदन, संकटमोचन सहित शहर के कई मठ-मंदिरों में सोमवार की रात उत्साहपूर्वक महोत्सव मनाया गया। मंदिरों में आयोजित कीर्तन कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भी 56 प्रकार के भोग की सामग्री श्रद्धापूर्वक भगवान को अर्पित की।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने की खुशी में दीपावली मनाई गई थी। मान्यता है कि इस अवसर पर अयोध्यावासियों ने भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया था। इसी परंपरा के तहत अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है।
वहीं, जनकपुरधाम के प्रसिद्ध जानकी मंदिर और बिहार कुंड स्थित कुछ मठ-मंदिरों में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।












