Advertisement

चौथी सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने खुद लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

-चौथी सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने खुद लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला की चौथी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक को लेकर जिलाधिकारी ने खुद विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की संख्या कम हो या ज्यादा, सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
चौथी सोमवारी के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा प्रस्तावित है। इसे लेकर प्रशासन ने पुष्प वर्षा के दौरान ड्रोन कैमरा उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

इसके अलावा पुष्प वर्षा वाले इलाकों के आसपास यदि किसी के घर या प्रतिष्ठान में पक्षी पाले जाते हैं, तो संबंधित समय में उन्हें पिंजरे में रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि हेलीकॉप्टर संचालन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। सुबह से ही बिजली के एक-एक पोल और तार का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कहीं खुला, कटा या जर्जर तार न हो। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि पुष्प वर्षा के दौरान किसी जनरेटर की लाइन बिजली के मार्ग को क्रॉस न करे।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चौथी सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है। डीएम ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया है।