Advertisement

चंपारण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कथित फर्जी नोट गिरोह का भंडाफोड़; 4 हिरासत में

-चंपारण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कथित फर्जी नोट गिरोह का भंडाफोड़; 4 हिरासत में

मोतिहारी/राजनदत्त। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित फर्जी नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पूरी रात चली छापेमारी में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई सदर-1 और सदर-2 के एसडीपीओ के नेतृत्व में की गई, जिसमें दो प्रशिक्षु डीएसपी समेत पांच थानों की पुलिस बल शामिल रही।
पुलिस ने भोपतपुर निवासी सुलेमान अंसारी और इम्तियाज के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। देर रात शुरू हुई यह कार्रवाई कई घंटों तक चली और समाचार लिखे जाने तक जांच जारी थी।


सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये के कथित फर्जी नोट, 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट, हथियार, कारतूस तथा एक वाहन बरामद किया गया है। हालांकि इन बरामदगियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है। बरामद सोने के बिस्किटों की भी जांच कराई जा रही है कि वे असली हैं या रोल्ड गोल्ड।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह लोगों को फर्जी नोट देने का झांसा देकर ठगी करता था। पहले 5 हजार रुपये के बदले 15 हजार रुपये देने का लालच दिया जाता था और विश्वास जीतने के लिए शुरुआती लेन-देन में असली नोट दिए जाते थे। इसके बाद जब कोई व्यक्ति बड़ी रकम लेकर पहुंचता था तो उसे ऊपर असली और नीचे ‘चिल्ड्रन बैंक’ लिखे नकली नोटों की गड्डियां थमा दी जाती थीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति 5 लाख रुपये जैसी बड़ी राशि लेकर आता था तो गिरोह के सदस्य कथित तौर पर पुलिस की वर्दी पहनकर उससे नकदी छीन लेते थे। पीड़ित उन्हें असली पुलिस समझकर शिकायत करने से भी कतराता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जाएगा। बरामदगी, आरोपों और हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में अंतिम और आधिकारिक जानकारी प्रेस ब्रीफिंग के बाद ही साझा की जाएगी।