Advertisement

ग्लोबल डेमोक्रेसी वर्ल्ड कांग्रेस 2026 की दूसरी बैठक आयोजित

दरभंगा: ग्लोबल डेमोक्रेसी वर्ल्ड कांग्रेस 2026 की दूसरी बैठक आयोजित

दरभंगा। वर्ल्ड नेचुरल डेमोक्रेसी (डब्ल्यूएनडी) के तत्वावधान में प्रस्तावित ग्लोबल डेमोक्रेसी वर्ल्ड कांग्रेस 2026 (जीडीडब्ल्यूसी) की दूसरी बैठक 25 जनवरी को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ल्ड कांग्रेस के विभिन्न विषयों, कार्यक्रम संरचना, और आयोजन की तैयारियों पर गहन चर्चा हुई।

डब्ल्यूएनडी के अध्यक्ष और लेखक डॉ. जावैद अब्दुल्लाह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से वर्ल्ड कांग्रेस की रूपरेखा और आगामी कार्य योजनाओं पर प्रकाश डाला। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मुनेश्वर यादव ने कहा, “ग्लोबल डेमोक्रेसी वर्ल्ड कांग्रेस का केंद्रीय विषय ‘डेमोक्रेसी ऑन अर्थ – डेमोक्रेसी विद अर्थ’ भविष्य के दृष्टिकोण को नई दिशा देगा और वैश्विक विद्वानों को आकर्षित करेगा।”

एपीजे एकेडब्ल्यूआईटी के पूर्व निदेशक एम. नेहाल ने इस आयोजन को 21वीं सदी में क्रांतिकारी विचारों का बीज बताया और भारत में इसकी शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। वनस्पति वैज्ञानिक प्रो. विद्यानाथ झा ने इसे भारत की लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, दरभंगा शाखा के प्राचार्य प्रो. फैज़ अहमद ने इसे वैश्विक नागरिकों के लिए अभूतपूर्व आयोजन कहा। इस अवसर पर तालाब बचाओ अभियान के संयोजक नारायण जी चौधरी, साहित्यकार प्रो. मंज़र सुलैमान, प्रो. अरशद खान तोराबी, प्रो. मुकुल बिहारी वर्मा, डॉ. मिर्ज़ा रूहुल्लाह बेग, डॉ. उदय कुमार, और डॉ. घनश्याम राय ने अपने विचार साझा किए।

इस बैठक में विभाग के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सोनू रजक ने किया। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के लिए यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से शुभकामनाएँ भेजी हैं।

#ग्लोबल_डेमोक्रेसी_वर्ल्ड_कांग्रेस #डेमोक्रेसी_ऑन_अर्थ #दरभंगा_समाचार #डब्ल्यूएनडी