Advertisement

गायघाट में महिलाओं ने तोड़ा रिकॉर्ड — मतदान में पुरुषों को पछाड़ा, बूथों पर दिखी जबरदस्त भागीदारी

-गायघाट में महिलाओं ने तोड़ा रिकॉर्ड — मतदान में पुरुषों को पछाड़ा, बूथों पर दिखी जबरदस्त भागीदारी

मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।

अबकी विधानसभा चुनाव में गायघाट विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं ने रिकॉर्ड तोड़ मतदान किया। खास बात यह रही कि इस बार महिलाओं ने मतदान में पुरुषों को पछाड़ दिया। सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों पर नजर आईं।

बन्दरा प्रखंड कार्यालय सभागार में बने कंट्रोल रूम में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आमना वसी लगातार मॉनिटरिंग करती रहीं। उनके निर्देशन में हर घंटे मतदान की स्थिति का अपडेट लिया जा रहा था। कोऑर्डिनेटर दीपिका भारती ने बताया कि बन्दरा प्रखंड क्षेत्र के कुल 115 बूथों पर सुबह 9 बजे तक 10 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था, जिसमें पुरुष 4946 और महिलाएं 4826 शामिल थीं।

शुरुआती घंटों में पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ा, महिलाओं की भागीदारी ने रफ्तार पकड़ ली। 11 बजे तक कुल 32 प्रतिशत मतदान हुआ।

1 बजे तक मतदान प्रतिशत 48 पहुंचा, जिसमें महिला मतदाता 22,989 तो पुरुष मतदाता 21,717 शामिल रहे। 3 बजे तक मतदान 63.6 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिसमें महिला मतदाता 29,841 वहीं पुरुष मतदाता 28,490 शामिल रहे।

महिलाओं की यह बढ़त चुनाव में उनकी जागरूकता और सक्रियता का स्पष्ट संकेत है। गायघाट क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की यह तस्वीर लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश बनकर उभरी है।