Advertisement

गायघाट में ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई: शिव शक्ति मेडिकल हॉल पर छापेमारी, संदिग्ध दवाएं जब्त

-गायघाट में ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई: शिव शक्ति मेडिकल हॉल पर छापेमारी, संदिग्ध दवाएं जब्त

गायघाट | दीपक कुमार
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ ड्रग्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित शिव शक्ति मेडिकल हॉल में छापेमारी की। सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान बिना वैध कागजात वाली कई संदिग्ध दवाएं बरामद की गईं। पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि यह छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गायघाट थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि औषधि विभाग की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान बरामद सभी दवाओं को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए गायघाट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।


सहायक औषधि नियंत्रक ने बताया कि मेडिकल हॉल से बरामद दवाओं के नमूने संग्रह कर लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि दवाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में दवाएं नकली, घटिया गुणवत्ता की या अवैध पाई जाती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
औषधि विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि अवैध दवा कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।