Advertisement

गया रेड क्रॉस परिसर में दंत चिकित्सा सेवा का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया उद्घाटन

-गया रेड क्रॉस परिसर में दंत चिकित्सा सेवा का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया उद्घाटन

गया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गया शाखा के परिसर में शुक्रवार को दंत चिकित्सा सेवा का शुभारंभ किया गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नई सेवा का उद्घाटन कर इसे रेड क्रॉस के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन डॉ. राम सरेख सिंह ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि दंत चिकित्सा सेवा शुरू होने से जिले के लोगों को कम खर्च में बेहतर उपचार उपलब्ध होगा।
रेड क्रॉस के प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. कौशलेन्द्र प्रताप ने बताया कि संस्था पहले से नियमित टीकाकरण, फिजियोथेरेपी, पैथोलॉजी, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, एंबुलेंस सेवा, मुक्ति रथ, शव वाहन, कल्याण भवन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी तथा ब्लड सेंटर जैसी सेवाएं संचालित कर रही है। अब दंत चिकित्सा सेवा भी बाजार दर से काफी कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी।


उन्होंने बताया कि दंत चिकित्सक डॉ. तृषा कुमारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीजों का उपचार करेंगी और दंत संबंधी विभिन्न सेवाएं प्रदान करेंगी।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि रेड क्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जो आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाओं और मानव सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने गया रेड क्रॉस द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य जांच और आपदा प्रबंधन सेवाओं के और अधिक विस्तार का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस के सचिव डॉ. तनवीर उस्मानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कौशलेन्द्र प्रताप ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, प्रबंधन समिति के सदस्य बिपेंद्र अग्रवाल, अमरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा, डॉ. अंबुज कुमार, डॉ. राम नरेंद्र प्रसाद, डॉ. आदित्य तिवारी, डॉ. इकबाल, डॉ. ज़ेड.एच. खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में गौरव कुमार, राम कुमार मेहता, संजय कुमार, रामबरन यादव, रौशन कुमार, अनु कुमारी और रणजीत कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।