-गया में विधायकों के प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ, मुख्यमंत्री बोले- ‘सक्षम विधायक, सशक्त विधानसभा ही समृद्ध बिहार की आधारशिला’
पटना/गया, 11 जुलाई।दीपक कुमार तिवारी। गया स्थित बिपार्ड (बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान) में बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शनिवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन बिपार्ड, प्राइड (लोकसभा) एवं बिहार विधानसभा सचिवालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि “सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा ही समृद्ध बिहार की आधारशिला हैं।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की क्षमता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि जनता ने विधायकों को अपनी आवाज बनाकर सदन में भेजा है, इसलिए प्रत्येक विधायक का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र की समस्याओं, जनता की आकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी तैयारी, तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विधानसभा में उठाएं। मुख्यमंत्री ने सदस्यों से विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमों और संसदीय परंपराओं का गंभीर अध्ययन करने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सत्ता और विपक्ष दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ संवाद, सार्थक विमर्श और जनहित को सर्वोपरि रखने की भावना ही विधानसभा की गरिमा बढ़ाती है तथा राज्य के विकास को गति देती है। उन्होंने विधायकों से विधानसभा सत्र के दौरान अधिक से अधिक समय सदन को देने की अपील की।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समेत नई तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में पीपीपी मॉडल के माध्यम से बस स्टैंड, टाउनशिप और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को गति दी जा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जुलाई से बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत होगी। उन्होंने इसे उच्च शिक्षा के विस्तार और युवाओं को अपने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल सय्यद अता हसनैन, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई मंत्रियों, विधायकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उद्घाटन सत्र के बाद सभी अतिथियों ने सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
इससे पूर्व गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।












