-गणेश पूजा की तैयारी तेज, ‘कन्हौली के राजा’ के स्वागत को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह
मुजफ्फरपुर। शहर में गणेश पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। कन्हौली इलाके में गणेश उत्सव पूजा समिति की ओर से इस वर्ष गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है और आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हैं।
गणेश उत्सव पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि इस वर्ष गणेश पूजा का आयोजन लगातार नौवें वर्ष किया जा रहा है। छह दिवसीय पूजा समारोह 14 सितंबर से 19 सितंबर तक आयोजित होगा। इस बार माता पार्वती की गोद में विराजमान गणपति बप्पा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
पूजा के दौरान प्रतिदिन शाम सात बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही संध्या आरती, महाप्रसाद और महाभंडारे का भी आयोजन होगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आयोजन को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
इस वर्ष समिति ने गणपति बप्पा को ‘कन्हौली के राजा’ नाम दिया है। बप्पा के इस नए स्वरूप और नाम को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समिति का कहना है कि क्षेत्र के लोग जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश उत्सव में शामिल होते हैं, उसे देखते हुए इस बार आयोजन को और भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

पूजा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समिति के सदस्य घर-घर पहुंचकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं। राकेश रंजन के मुताबिक समिति से करीब 250 लोग जुड़े हैं, जबकि 5 से 6 सदस्य लगातार मोहल्ले में जाकर लोगों को पूजा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। समिति का प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी घर इस धार्मिक आयोजन से अछूता न रहे।
छह दिवसीय पूजा समारोह के बाद 20 सितंबर को गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन को लेकर भी समिति की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष राकेश रंजन ने शहरवासियों और मोहल्लावासियों से अधिक से अधिक संख्या में पूजा स्थल पर पहुंचने, गणपति बप्पा के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव में सादर आमंत्रित किया गया है।












