-गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा, चक्की सोहागपुर में घुसा बाढ़ का पानी; 300 परिवार पानी से घिरे
मुजफ्फरपुर। नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी उफनकर पारू प्रखंड की चक्की सोहागपुर पंचायत के चक्की सोहागपुर गांव में घुस गया है। बाढ़ का पानी सड़क पर चढ़ने से गांव का मुख्य सड़क संपर्क पूरी तरह भंग हो गया है। ग्रामीणों के आने-जाने के रास्ते बंद होने से आवागमन के साथ-साथ जरूरी सामान की उपलब्धता को लेकर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
चक्की सोहागपुर पंचायत के मुखिया चंदन कुमार ने बताया कि पंचायत में करीब 600 परिवार रहते हैं, जिनमें लगभग 300 परिवार इस समय पूरी तरह पानी से घिर चुके हैं। प्रभावित परिवारों के आवागमन के सभी प्रमुख रास्ते बंद हो गए हैं। मुख्य बाजार तक पहुंच नहीं होने के कारण ग्रामीण जरूरी खाद्य सामग्री भी नहीं खरीद पा रहे हैं। इससे प्रभावित परिवारों के सामने भोजन का संकट गहराने लगा है।

मुखिया ने आशंका जताई कि गंडक नदी के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो शनिवार रात तक पानी 300 परिवारों के घरों के अंदर तक पहुंच सकता है। गांव के पूरी तरह जलमग्न होने की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों के लिए नाव और सामुदायिक भोजन की व्यवस्था करने का प्रयास स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर का असर पारू प्रखंड की बैजलपुर और उस्ती पंचायतों के कई गांवों में भी दिखाई देने लगा है। इन इलाकों की कई सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे लोगों का जनजीवन और आवागमन प्रभावित होने लगा है। नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रभावित इलाकों में तत्काल नाव, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था की जरूरत है। वहीं, स्थानीय स्तर पर प्रशासन से भी बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत और बचाव की व्यवस्था करने की मांग की जा रही है।












