Advertisement

खाना बनाने के दौरान लगी भीषण आग, कई घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

-खाना बनाने के दौरान लगी भीषण आग, कई घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

मुजफ्फरपुर। जिले के तुर्की थाना क्षेत्र में बीती रात खाना बनाने के दौरान लगी आग ने देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना तुर्की थाना क्षेत्र के चढ़ुआ पंचायत स्थित वार्ड संख्या 9 की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार अरविंद राय के घर में रात के समय खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज होने के कारण आग भड़क उठी। शुरुआत में मामूली लगी आग कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

ग्रामीणों ने बताया कि तेज लपटों ने देखते ही देखते आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगन राय, भोला राय और अमरजीत राय के घर तक फैल गई, जिससे सभी घर धू-धू कर जलने लगे। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी की एक नहीं चली।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक घरों में रखे अनाज, बर्तन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुके थे।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग की इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा और राहत सहायता देने की मांग की जा रही है।