Advertisement

क्राइम: ट्रेन पकड़ने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर बेहरमी से हत्या, दो लड़कियां हिरासत में

-रेलवे स्टेशन पर हुई हत्या : ट्रेन पकड़ने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर बेहरमी से हत्या, दो लड़कियां हिरासत में

संवाददाता।पटना।

छपरा शहर से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा कचहरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे एक युवक की चाकू से गोद-गोद कर निर्मम हत्या कर दी गई. गंभीर स्थिति में उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले में छपरा जीआरपी ने दो लड़कियों को हिरासत में लिया है।
बदमाशों ने इस घटना को कचहरी रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाना से महज कुछ कदम की दूरी पर अंजाम दिया है. मृत युवक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के धूप नगर निवासी सुनील यादव के 26 वर्षीय पुत्र कृष्णा यादव के रूप में की गई. घटना की सूचना जैसे ही परिवार वालों को मिली परिवार वाले रोते-पीटते छपरा सदर अस्पताल पहुंचे. जहां, पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
वहीं रिश्तेदारों ने बताया कि दो लड़कियां उसे लेकर अस्पताल पहुंचाई थी। बताया गया कि घायल हालत में युवक ने दोनों को फोन कर बुलाया था। ऐसे में जीआरपी ने पूछताछ के लिए दोनों को हिरासत में लिया है, ताकि चाकू मारनेवालों के बारे में पता लगाया जा सके।

बताया गया कि कृष्णा यादव पटना में रहता था। एक परीक्षा में शामिल होने के लिए वह अपने घर आया था, जहां से परीक्षा में जाने के लिए छपरा कचहरी से ट्रेन पकड़ने पहुंचा था। इसी दौरान वहां कुछ बदमाशों ने उसे चाकू मार दिया। जिस तरह यह घटना हुई है, उससे साफ है कि आरोपियों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि कृष्णा कचहरी स्टेशन से ट्रेन पकड़ने पहुंचेगा।