Advertisement

कृषि विज्ञान केंद्र तुर्की में इफको किसान मित्र समूह प्रशिक्षण, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

-कृषि विज्ञान केंद्र तुर्की में इफको किसान मित्र समूह प्रशिक्षण, 80 किसानों ने लिया प्रशिक्षण

मुजफ्फरपुर। इफको मुजफ्फरपुर की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) तुर्की के सभागार में इफको किसान मित्र समूह प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, नैनो उर्वरकों, जैव उर्वरकों और फसल प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. एसके रॉय, कार्यक्रम समन्वयक सह प्रधान वैज्ञानिक, केवीके तुर्की एवं विशिष्ट अतिथि सुजीत कुमार, उप क्षेत्र प्रबंधक इफको बेतिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. एसके रॉय ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं कम मात्रा में इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर इफको के नैनो उर्वरकों एवं जल में घुलनशील उर्वरकों का उपयोग कर किसान कम लागत में गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद का उत्पादन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि सुजीत कुमार ने भारतीय कृषि क्रांति में इफको के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को वितरित किए गए किट में शामिल इफको बायोडीकंपोजर, जैव उर्वरक, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, सागरिका तरल एवं एसओपी 00:00:50 के प्रयोग की विधि की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से इफको के तकनीकी मार्गदर्शन एवं देखरेख में इन उत्पादों का प्रयोग करने की अपील की।


केवीके की एसएमएस डॉ. दिव्या कुमारी ने कम रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल से उत्पादित अनाज के मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित लाभों के बारे में किसानों को जानकारी दी। वहीं, इफको-एमसी के श्री राजीव कुमार सिंह ने धान की फसल में लगने वाले कीट, बीमारियों और खरपतवार की पहचान तथा उनके प्रभावी प्रबंधन पर चर्चा की। उन्होंने इफको-एमसी के अनुशंसित उत्पादों के माध्यम से फसल सुरक्षा के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के दौरान 50 प्रगतिशील किसानों के बीच इफको के विभिन्न उत्पादों की किट वितरित की गई। कार्यक्रम में कुल करीब 80 किसान शामिल हुए।
मंच संचालन इफको मुजफ्फरपुर के वरीय क्षेत्र प्रतिनिधि अमृतेश कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन इफको कृषि स्नातक प्रशिक्षु कुमार गौरव ने किया। कार्यक्रम में इफको एसएफए श्री गोल्डन कुमार, इफको एमडीई मोहम्मद इंजमाम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।