-कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
जम्मू।
कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर की ओर से बलिदान स्तंभ, जम्मू में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती, वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अभय कुमार महाजन, भाजपा कार्यकर्ता, भूतपूर्व सैनिक, युवा स्वयंसेवक तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन रामपाल मेहरा द्वारा किया गया था, जो देशभक्ति और बलिदान का प्रतीक बलिदान स्तंभ परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत पुष्पांजलि अर्पित की गई, दीप प्रज्ज्वलन किया गया और शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्म ज्योत सत्ती ने कहा,
“कारगिल विजय दिवस हमारे सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान की याद दिलाने वाला दिन है। पाकिस्तान की नापाक हरकतों का करारा जवाब देकर हमारे जवानों ने जो इतिहास रचा, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।”

उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद का पोषक बताते हुए कहा कि 1999 में उसने कायरता पूर्ण हमला किया था, लेकिन भारतीय सेना ने साहस और संकल्प से उसे पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
अभय कुमार महाजन ने कहा कि
“यह युद्ध मई से जुलाई 1999 तक चला, जिसमें भारत ने नियंत्रण रेखा के समीप पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ कर सभी क्षेत्र वापस प्राप्त किए। 26 जुलाई को पाकिस्तान की वापसी पूरी हुई और तभी से यह दिन ‘कारगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।”
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ वीरता और बलिदान की विरासत को आगे बढ़ाने की शपथ ली।
इस मौके पर रमेश कुमार (अध्यक्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा गाड़ीगढ़ मंडल), परवीन बड्याल (जिला उपाध्यक्ष), शाम लाल मणि, सुरेश कुमार, अभिनंदन खोक्खर, सुबाष चंदर, राकेश ठाकरे, दविंदर खोक्खर, सुरिंदर कुमार, सुशील कुमार, अशोक कुमार, और राम पाल सहित कई नेता उपस्थित रहे। सभी ने देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।














