Advertisement

कांटी रेलवे स्टेशन पर पेयजल, शौचालय और बिजली व्यवस्था बदहाल, यात्रियों में नाराजगी

-कांटी रेलवे स्टेशन पर पेयजल, शौचालय और बिजली व्यवस्था बदहाल, यात्रियों में नाराजगी

मुजफ्फरपुर। कांटी रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर यात्रियों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री, छात्र-छात्राएं एवं रेलकर्मी आवागमन करते हैं, लेकिन यहां न तो शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधाएं संतोषजनक हैं। इसके कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांटी विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष पिनाकी झा ने बताया कि स्टेशन की समस्याओं को लेकर कई बार रेल विभाग को पत्र एवं फोन के माध्यम से शिकायत की गई है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि कांटी रेलवे स्टेशन की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है।


उन्होंने कहा कि शाम के समय स्टेशन परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं रहने से यात्रियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और लूटपाट जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसके बावजूद रेल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
समिति अध्यक्ष ने यह भी कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा भी स्टेशन की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने रेल प्रशासन से स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं सुरक्षा व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।