-कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; सभी सुरक्षित
पटियाला। पंजाब के पटियाला में शुक्रवार दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना राजपुरा के पास सराय वंजारा गांव के समीप हुई। आग की लपटें उठती देख यात्री ट्रेन से बाहर निकल आए। घटनास्थल से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन राजपुरा पहुंची थी, तभी चार डिब्बों में आग लग गई।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई की गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आग लगने के कारणों और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद ट्रेन परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












