Advertisement

कटिहार में आसमान से गिरा रहस्यमय पत्थर

-कटिहार में आसमान से गिरा रहस्यमय पत्थर

-जलने वाले टुकड़ों ने मचाई सनसनी
-क्या ये एलियंस का संदेश है?

सम्वाददाता। कटिहार।

बिहार में कटिहार जिले के मनिहारी में आसमान से गिरे पत्थर के एक टुकड़े से पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला कटिहार के मनिहारी वार्ड संख्या 10 से जुड़ा हुआ है। जहां के रहने वाले बासुदेव सिंह के घर सोमवार रात अचानक एक अजीब घटना घटी।
देर रात करीब 11 बजे छत पर टाली के ऊपर तेज आवाज के साथ एक पत्थर गिरा। इस घटना के बाद उनके घर में धुआं भर गया, जिससे परिवार के सभी सदस्य घबराकर बाहर निकल आए। देर रात हो जाने के कारण घर के लोग कुछ नहीं कर सके और किसी को सूचना भी नहीं दी।
मंगलवार सुबह जब उन्होंने आंगन में देखा तो नारंगी रंग के अजीब पत्थर के टुकड़े बिखरे पड़े थे। पड़ोस के बच्चे भी मौके पर पहुंच गए और उनमें से एक बच्चे ने खेल-खेल में पत्थर के एक टुकड़े के अपनी जेब में रख लिया। लेकिन अचानक वह टुकड़ा जल उठा, जिससे बच्चे की पैंट और जांघ का बड़ा हिस्सा जल गया। बच्चे ने जैसे-तैसे पत्थर को जेब से बाहर निकाला, लेकिन इस प्रयास में उसकी उंगली भी झुलस गई।


आसमानी पत्थर को देख कर ग्रामीणों को पहले लगा कि शायद आसमान से बर्फ या ओले का टुकड़ा गिरा होगा, उसे छूकर देखने पर ग्रामीणों को वो सामान्य पत्थर जैसा लगा, इसलिए उन लोगों ने उस पर कोई ध्यान नहीं दिया। लेकिन पत्थर जब अचानक कपड़ा और शरीर के संपर्क में आया, तो उसमें आग लग गई।
घटना के बाद पत्थर के सभी टुकड़ों को एकत्रित कर अलग रखा गया। कुछ समय बाद, पत्थर के सभी टुकड़ों ने अपने आप आग पकड़ ली। इसे देखकर परिवार और पड़ोस के लोग दहशत में आ गए। परिवार ने बचा हुआ एक टुकड़ा पानी में रखा, जो अब तक सुरक्षित है।
घटना को लेकर ग्रामीणों की ओर से संभावना व्यक्त की जा रही है कि यह पत्थर उल्कापिंड हो सकता है। उल्कापिंड वायुमंडल में प्रवेश के दौरान अत्यधिक गर्म हो जाते हैं और धरती पर गिरने के बाद भी गर्म या प्रतिक्रियाशील हो सकते हैं।