-ओवरटेक को लेकर ऑटो चालक और बाइक सवार भिड़े, चाबी से हमला कर किया घायल
मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के जुरन छपरा मुख्य मार्ग पर बुधवार को ओवरटेक करने को लेकर ऑटो चालक और बाइक सवार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर लात-घूंसे चलने से मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
मारपीट के दौरान बाइक सवार ने बाइक की चाबी निकालकर ऑटो चालक के सिर पर कई वार कर दिए। चाबी के प्रहार से ऑटो चालक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।

मामले की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद डायल-112 और ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल ऑटो चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में बाइक सवार ने पुलिस को बताया कि ऑटो की तेज रफ्तार और टक्कर के कारण उसके भाई को चोट लगी थी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। उसने घायल के इलाज का खर्च उठाने की बात भी कही है। ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












