-एमजीसीयू में 2026-27 से शुरू होंगे 12 एकीकृत स्नातक-परास्नातक कोर्स, CUET से मिलेगा प्रवेश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहली बार स्नातक स्तर पर प्रवेश शुरू करेगा। विश्वविद्यालय ने 12 पाँच वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।
-इन कोर्सों में होगा प्रवेश
नए कार्यक्रमों में बी.कॉम-एम.कॉम, बी.टेक-एम.टेक कंप्यूटर साइंस, बी.ए-एम.ए पत्रकारिता, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, गांधी एवं शांति अध्ययन, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और सामाजिक कार्य शामिल हैं।
– NEP 2020 के तहत मल्टीपल एंट्री-एग्जिट
ये कोर्स राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप होंगे। 3 साल बाद स्नातक डिग्री, 4 साल पर ऑनर्स या ऑनर्स विद रिसर्च और 5 साल पूरा करने पर इंटीग्रेटेड मास्टर्स डिग्री मिलेगी। पाठ्यक्रम बहुविषयक होगा। छात्र मुख्य विषय के साथ माइनर, स्किल और एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स भी पढ़ सकेंगे।

– पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया
मानविकी और सामाजिक विज्ञान के कोर्स के लिए 10+2 में 50% अंक जरूरी हैं। एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांगों को 5% छूट मिलेगी। बी.कॉम के लिए अकाउंटेंसी या गणित और बी.टेक के लिए भौतिकी-गणित अनिवार्य है।
प्रवेश CUET UG 2026 के अंकों के आधार पर होगा। आवेदन समर्थ पोर्टल पर जल्द शुरू होंगे। प्रत्येक कोर्स में 33 सीटें होंगी। आरक्षण केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार लागू होगा। सीटें खाली रहने पर ओपन काउंसलिंग भी होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि एमजीसीयू में स्नातक प्रवेश शुरू होने से उत्तर बिहार के छात्रों को घर के पास ही केंद्रीय विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण और शोध आधारित शिक्षा मिल सकेगी।












