Advertisement

एमआईटी से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र

-एमआईटी से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र

-22 जुलाई से बंद है मोबाइल

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के छात्रावास से बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष के छात्र साजन कुमार के अचानक गायब होने से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साजन कुमार मूल रूप से नालंदा जिले के पावापुरी के रहने वाले हैं और एमआईटी के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता रंजीत कुमार ने बताया कि 22 जुलाई की शाम करीब सात बजे बेटे से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है और किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है।


बेटे से लगातार संपर्क नहीं होने पर बोकारो में रह रहे रंजीत कुमार 24 जुलाई की सुबह मुजफ्फरपुर पहुंचे। उन्होंने छात्रावास, कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन साजन कुमार का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन ब्रह्मपुरा थाना पहुंचे और छात्र की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एमआईटी के प्राचार्य डॉ. एम.के. झा ने बताया कि छात्र के लापता होने की सूचना मिली है और परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। कॉलेज प्रशासन जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहा है।
पुलिस कॉलेज परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र आखिरी बार कब और किस दिशा में गया था। फिलहाल छात्र का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही छात्र का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।