Advertisement

एनटीपीसी के पीछे मिले महिला के शव का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप; मुख्य आरोपी का पिता गिरफ्तार

-एनटीपीसी के पीछे मिले महिला के शव का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप; मुख्य आरोपी का पिता गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों से पांच दिन पहले बरामद अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में महिला की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव निवासी मंजू कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि हत्या कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के कारण की गई। मामले में मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पांच दिन पहले एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों से महिला का शव बरामद हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया और एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि मंजू कुमारी का विशुनपुर सुमेर निवासी विकास पासवान के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। बाद में मंजू की शादी हो गई और वह एक बच्चे की मां बन गई। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर विकास पासवान नाराज था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मंजू को मिलने के बहाने बुलाया, उसकी हत्या कर दी और शव को एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया।


पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास पासवान के पिता हरी पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी विकास पासवान सहित अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले का एक और गंभीर पहलू यह है कि घटना के बाद से मृतका का छह वर्षीय बेटा आर्यन भी लापता है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी और खोजबीन कर रही है। बच्चे की सुरक्षित बरामदगी को पुलिस ने अपनी प्राथमिकता बताया है।
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला की पहचान होने के बाद सभी पहलुओं से जांच की गई, जिसमें प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लापता बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।