–उत्तर बिहार में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंता
मुजफ्फरपुर/सीतामढ़ी/शिवहर/दरभंगा/मधुबनी/समस्तीपुर।
उत्तर बिहार में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मुजफ्फरपुर समेत सीतामढ़ी, शिवहर और आसपास के जिला एवं प्रखण्ड क्षेत्रों में देखते ही देखते मौसम का मिजाज बदल गया।
सीतामढ़ी में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे आम के बौर और अन्य फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं शिवहर में भी बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है, जिससे गेहूं की तैयार फसल पर खतरा मंडराने लगा है।
सुप्पी प्रखंड में शाम के समय तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण अचानक अंधेरा छा गया। तेज हवाओं से कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। आंधी-पानी के चलते बाजारों में जल्दी सन्नाटा पसर गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

खराब मौसम का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। कई इलाकों में बिजली बाधित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि तापमान में गिरावट आने से भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।
मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं।मधुबनी, दरभंगा एवं समस्तीपुर जिला क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश एवं कई जगहों पर ओलावृष्टि की सूचना है।
अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी गेहूं, आम की मंजरी और तेलहन फसलों को नुकसान की आशंका गहरा गई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।
अचानक बदले मौसम के तेवर से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह नई चिंता का कारण बन गया है।











