-उज्जैना-भच्छी-शिवराम सड़क की बदहाली पर समाजसेवी ने उठाई आवाज, पथ प्रमंडल को दिया आवेदन
दरभंगा। बहेड़ी प्रखंड के उज्जैना-भच्छी-शिवराम मुख्य संपर्क पथ की जर्जर स्थिति को लेकर समाजसेवी कालीचरण यादव ने सोमवार को पथ प्रमंडल, दरभंगा में आवेदन देकर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है।
समाजसेवी कालीचरण यादव ने बताया कि यह सड़क 20 से अधिक गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी सड़क से होकर ग्रामीण थाना, अस्पताल, प्रखंड कार्यालय, विद्यालय और बाजार सहित अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचते हैं। सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क कई जगहों पर पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क के किनारे नाला नहीं होने के कारण बारिश के दौरान जलजमाव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इससे वाहनों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यादव ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण कई बार आपात स्थिति में एम्बुलेंस को गांव तक पहुंचने में कठिनाई होती है, जिससे मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन और पथ प्रमंडल से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का अविलंब पुनर्निर्माण कराने के साथ-साथ सड़क के किनारे नाला निर्माण कराने की मांग की है।














