-आपदा पीड़ितों की मदद को आगे आया राम युवा कमिटी, रक्तदान शिविर में 70 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल में 26 अगस्त को रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ से व्यापक स्तर पर जान-माल का नुकसान हुआ है। इस आपदा में घायल लोगों की मदद के लिए जनकपुरधाम की राम युवा कमिटी ने मानवीय पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
राम युवा कमिटी के अध्यक्ष विजय कुमार साह की अगुवाई में जनक चौक पर आयोजित रक्तदान शिविर का संचालन रेडक्रॉस की देखरेख में किया गया। शिविर में 70 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर आपदा में घायल लोगों की मदद के लिए अपना योगदान दिया।

इस अवसर पर कमिटी के पूर्व अध्यक्ष सरोज कुमार साह ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दूसरा दान नहीं है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों के बीच कई तरह की भ्रांतियां हैं। आमतौर पर लोग मानते हैं कि रक्तदान करने से शरीर कमजोर हो जाता है, जबकि ऐसा नहीं है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता और यह मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में आई प्राकृतिक आपदा के कारण बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। ऐसे समय में घायलों के लिए रक्त की आवश्यकता है। रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों ने आपदा पीड़ितों के प्रति संवेदना और सहयोग की भावना का परिचय दिया है।
राम युवा कमिटी की ओर से बताया गया कि यह रक्तदान शिविर कमिटी के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया था। आयोजन के दौरान युवाओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंदों की सहायता के लिए रक्तदान किया।












