Advertisement

आप सरकारी अस्पताल में जाएं, डॉक्टर व व्यवस्था मेरी जवाबदेही: जिलाधिकारी

-आप सरकारी अस्पताल में जाएं, डॉक्टर व व्यवस्था मेरी जवाबदेही: जिलाधिकारी

-मरवन में आयोजित संध्या चौपाल में चमकी बुखार से बचाव को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

मुज़फ़्फरपुर। ब्यूरो रिपोर्ट।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने शुक्रवार को मरवन प्रखंड के पकड़ी पकोही स्थित कन्या मध्य विद्यालय में आयोजित संध्या चौपाल के माध्यम से चमकी बुखार से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा, “आप सरकारी अस्पताल में जाएं, डॉक्टर और व्यवस्था देना मेरी जिम्मेदारी है।”

डीएम ने बताया कि प्रखंड स्तर से लेकर मेडिकल कॉलेज के पीकू वार्ड तक सारी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से दुरुस्त हैं। उन्होंने कहा कि ‘दर्पण प्लस’ ऐप के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाता है कि रात में भी सभी प्रखंडों में डॉक्टर की उपस्थिति बनी रहे। “मैं स्वयं भी उस निगरानी समूह का हिस्सा हूं, इसलिए आप निश्चिंत होकर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं,” उन्होंने स्पष्ट किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम मुख्य अतिथि के रूप में तथा अनुमंडल पदाधिकारी (पश्चिमी) श्रीमती श्रेयाश्री विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
समारोह की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार ने की, संचालन डीपीएम श्री रेहान अशरफ और धन्यवाद ज्ञापन जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने किया।

इस अवसर पर डीपीओ-आईसीडीएस, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, आशा, सेविका, जीविका दीदियां और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने अंत में लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को तेज गर्मी और संक्रमण से बचाएं, संतुलित आहार दें और किसी भी लक्षण की स्थिति में तुरन्त नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाएं।