-आदर्श ग्राम लदौर का अधूरा पुल बना लोगों की परेशानी, ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की उठाई मांग
मुजफ्फरपुर/गायघाट। गायघाट प्रखंड के आदर्श ग्राम लदौर में आजादी के 78 वर्ष बाद भी लदौर का बहुप्रतीक्षित पुल अधूरा पड़ा हुआ है। पुल के पिलर का निर्माण तो वर्षों पहले कर दिया गया, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य ठप हो गया। अधूरे पुल के कारण क्षेत्र के लोगों को आज भी लंबा रास्ता तय कर आवागमन करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस पुल का निर्माण जल्द पूरा हो जाए, तो समस्तीपुर तक की दूरी काफी कम हो जाएगी। इससे लदौर सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और दैनिक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आदर्श ग्राम लदौर कई महान स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मस्थली रहा है। ऐसे ऐतिहासिक और गौरवशाली गांव के लोगों को आज भी एक अधूरे पुल की वजह से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि वर्षों से लंबित इस पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और विकास की राह आसान हो सके।












