Advertisement

अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलेगी नई साप्ताहिक ट्रेन, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने PM मोदी, रेल मंत्री और CM का जताया आभार

-अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलेगी नई साप्ताहिक ट्रेन, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने PM मोदी, रेल मंत्री और CM का जताया आभार

जनकपुरधाम / मिश्री लाल मधुकर। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अयोध्या कैंट और जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन (15595/15596) चलाने की मंजूरी मिलने पर बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि यह उनके लिए विशेष सौभाग्य की बात है कि प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से चलने वाली ट्रेन उनके विधानसभा क्षेत्र खजौली से होकर जयनगर के रास्ते जनकपुरधाम पहुंचेगी। उन्होंने खजौली विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे मिथिलांचल की जनता की ओर से केंद्र एवं बिहार सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर दोनों ही रामायण परंपरा एवं सनातन संस्कृति के प्रमुख धार्मिक केंद्र हैं। ऐसे में दोनों स्थानों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंध और मजबूत होंगे।
मंत्री ने कहा कि यह ट्रेन महज यातायात का साधन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और विकास को जोड़ने वाला सेतु साबित होगी। इससे दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ेगा तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस रेल सेवा से मिथिलांचल में पर्यटन, स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल जनभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और विकास को एक साथ आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।