-अपहरण कांड के आरोपी बीजेपी विधायक राजू सिंह को मिली बड़ी राहत, पटना हाईकोर्ट ने तत्काल गिरफ्तारी से लगाई रोक
पटना।संवाददाता।
राजद नेता के अपहरण के आरोपी भाजपा विधायक राजू सिंह को पटना हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने विधायक की गिरफ्तारी पर तत्काल रोक लगाने का निदेश दिया है. राजू सिंह के अधिवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि फ़िलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी. अब 21 जून को फिर से इस मामले की सुनवाई होगी. दरअसल, आरोपों के तहत 25 मई को एक तिलक समारोह के दौरान राजू सिंह ने वहां से तुलसी राय का अपहरण किया. बाद में पुलिस को इसकी सूचना मिली तो राजू सिंह के परिसर पर छापेमारी की गई. पुलिस ने वहां से तुलसी राय को बरामद किया. हालांकि राजू सिंह उसके बाद से फरार हो गए. वहीं तुलसी राय द्वारा इस मामले में 26 मई को पारू थाने में राजू सिंह समेत कई के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस ने एक बार फिर से राजू सिंह के परिसर पर छापेमारी की. पुलिस को राजू सिंह के यहां से कार आदि बरामद हुआ।
इस कार्रवाई के बाद से अब तक राजू सिंह फरार चल रहे हैं. वहीं पुलिस ने बिहार के अलावा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड आदि राज्यों में छापेमारी कर राजू सिंह को तलाशा है. बावजूद इसके अब तक राजू सिंह का कोई पता नहीं है. वहीं पुलिस दबिश के बीच राजू सिंह ने अपने विरोधियों को कुत्ता और खुद को शेर बताते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया था. लेकिन वे पुलिस या कोर्ट में अब तक हाजिर नहीं हुए हैं।

इन सबके बीच पुलिस ने अब कोर्ट के आदेश पर राजू सिंह के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कर इश्तेहार चस्पा किया है. डीएसपी मुख्यालय सुधीर कुमार ने बताया था कि पारू थाना कांड संख्या 231/23 में न्यायालय से इश्तेहार प्राप्त हुआ है. राजू सिंह समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई की गई. अगर अब भी राजू सिंह आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो राजू सिंह के यहां कुर्की होगी. हालांकि अब पटना हाई कोर्ट से उन्हें बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने अपने आज के आदेश में उनकी गिरफ्तारी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाया है।
राजू सिंह के वकील ने कहा कि पटना हाई कोर्ट से मिली इस राहत का यह मतलब है कि अब विधायक के घर पर कुर्की भी नहीं होगी. पुलिस न तो फ़िलहाल उन्हें गिरफ्तार करेगी और ना ही कुर्की की कार्रवाई होगी. अगर कोर्ट का अगले आदेश भी राजू सिंह के पक्ष में अता है तो उन्हें और ज्यादा राहत मिलेगी।












