-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर तेजस्वी का बड़ा ऐलान
कहा: ‘महिलाओं को देंगे 2500 रुपये महीना’
पटना। दीपक कुमार तिवारी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पटना के बापू सभागार में महिला रजत प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल के नेतृत्व में “माई-बहिन महासम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और महिला प्रकोष्ठ की कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहीं।
खेल में मेडल जीतने वाली छात्राओं और महिलाओं को किया गया सम्मानित:
कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य खेल प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाली छात्राओं और महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा।
नीतीश सरकार पर हमला, कहा- ‘खटारा हो चुके हैं मुख्यमंत्री’:
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा,
“नीतीश कुमार अब खटारा हो चुके हैं, उन्हें मानसिक इलाज की जरूरत है। उन्होंने बिहार की महिलाओं का अपमान किया है, जिसे हमारी माताएं और बहनें अब कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी।”
उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं पर भी सरकार को घेरा। तेजस्वी ने कहा,
“आज बिहार में बहू-बेटियों का चीरहरण हो रहा है, अपराध चरम पर है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। अब महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी।”

तेजस्वी का वादा – ‘महिलाओं को देंगे 2500 रुपये महीना’
तेजस्वी यादव ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो
महिलाओं को किचन से लेकर नौकरी तक हर स्तर पर आर्थिक मदद दी जाएगी।
‘माई-बहिन योजना’ के तहत हर महिला को हर महीने 2500 रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राबड़ी देवी के शासनकाल में महिलाओं को जो सम्मान मिला, वह नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में भी नहीं मिल पाया।
रितु जायसवाल ने भी नीतीश सरकार पर बोला हमला:
महिला प्रदेश अध्यक्ष रितु जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा,
“नीतीश कुमार का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। सदन में बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का जिस तरह अपमान किया गया, उसे महिलाएं कभी माफ नहीं करेंगी।”
महिला सशक्तिकरण के नाम पर राजनीति गरमाई:
इस महासम्मेलन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों पर जोर दिया गया, लेकिन इसके साथ ही यह आयोजन राजनीतिक मंच भी बन गया, जहां सत्ताधारी दल के खिलाफ विरोध के स्वर बुलंद किए गए।
#महिला_सशक्तिकरण #तेजस्वी_का_वादा #बिहार_राजनीति #अंतरराष्ट्रीय_महिला_दिवस












