Advertisement

अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस पर कठपुतली कलाकार सुनील कुमार सम्मानित

-अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस पर कठपुतली कलाकार सुनील कुमार सम्मानित

मुजफ्फरपुर। अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को नाई परिवार, मुजफ्फरपुर की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दीवान रोड स्थित किरण श्री विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद की सदस्य एवं बाल संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण समिति की अध्यक्ष उर्मिला ठाकुर ने कठपुतली कलाकार सुनील कुमार को कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। उन्हें अंगवस्त्र और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 25 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत, नृत्य, लेखन और अन्य कला विधाओं से जुड़े कलाकारों के योगदान को सम्मान देना है। उन्होंने बताया कि इस दिवस की शुरुआत वर्ष 2004 में कनाडाई चित्रकार क्रिस मैक्लूर ने की थी। यह दिवस प्रसिद्ध स्पेनिश चित्रकार पाब्लो पिकासो के जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। इस दिन विभिन्न देशों में कला प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी संजय ठाकुर, दीपक ठाकुर, कवि महेश ठाकुर चकोर, हरि नारायण ठाकुर, अनिल कुमार ठाकुर, अजय ठाकुर और राजमंगल ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस पर सम्मानित होने के बाद कठपुतली कलाकार सुनील कुमार को मुजफ्फरपुर शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार, वरिष्ठ पत्रकार कुमार कृष्ण, सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी, संरचना आर्ट थिएटर के सचिव सुधीर कुमार, प्रधानाध्यापक एवं रंगकर्मी बैजू कुमार तथा अरुण कुमार वर्मा ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।