Advertisement

WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को साइबर यूनिट की चेतावनी, छोटी सी लापरवाही से निजी चैट और जानकारी हो सकती है लीक

-WhatsApp Web इस्तेमाल करने वालों को साइबर यूनिट की चेतावनी, छोटी सी लापरवाही से निजी चैट और जानकारी हो सकती है लीक

मुजफ्फरपुर। कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को साइबर ठगी से बचाने के लिए साइबर यूनिट ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें WhatsApp Web के लॉग-इन सेशन का गलत इस्तेमाल कर किसी के अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बनाने और निजी जानकारियों का दुरुपयोग किए जाने के खतरे के प्रति आगाह किया गया है।
साइबर यूनिट के अनुसार, यदि किसी कार्यालय या सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग-इन छोड़ दिया जाता है तो दूसरे व्यक्ति इसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके जरिए निजी मैसेज पढ़ने, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप की बातचीत देखने तथा अकाउंट धारक की पहचान का इस्तेमाल कर दूसरों को संदेश भेजने का खतरा रहता है। साइबर अपराधी इसका उपयोग धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसी गतिविधियों के लिए भी कर सकते हैं।


एडवाइजरी में कार्यालयीन कंप्यूटर, साझा सिस्टम और सार्वजनिक उपकरणों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सरकारी, वित्तीय, संगठनात्मक और अन्य गोपनीय जानकारियों का आदान-प्रदान ऐसे कंप्यूटरों पर लॉग-इन WhatsApp Web के माध्यम से नहीं करने को कहा गया है। साथ ही कार्यालय या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web को हमेशा लॉग-इन रखकर नहीं छोड़ने की हिदायत दी गई है।
साइबर यूनिट ने स्पष्ट किया है कि काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web से मैन्युअल रूप से लॉग-आउट करना जरूरी है। केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देने से लॉग-आउट नहीं होता है। अस्थायी इस्तेमाल जरूरी होने पर विश्वसनीय कंप्यूटर में इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने और ब्राउजर बंद करने से पहले लॉग-आउट करने की सलाह दी गई है।
साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर या अन्य अविश्वसनीय सिस्टम पर WhatsApp Web में लॉग-इन करने से बचने को कहा गया है। इसके अलावा अकाउंट से भेजे गए अप्रत्याशित संदेशों, संपर्कों से मिलने वाले असामान्य जवाब और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
साइबर यूनिट ने यूजर्स को ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर अपडेट रखने के साथ अज्ञात फाइलों, संदिग्ध डाउनलोड, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय स्रोतों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।