-SKMCH में MBBS नामांकन का दूसरा राउंड शुरू, स्टेट कोटा की 111 सीटें रिक्त
मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) में एमबीबीएस सत्र 2026-27 के नामांकन की प्रक्रिया तेज हो गई है। ऑल इंडिया कोटा और सेंट्रल नॉमिनी की सीटों पर काउंसिलिंग के बाद अब स्टेट कोटा के तहत सेकंड राउंड का नामांकन 26 से 29 सितंबर तक होगा। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) से प्राप्त मेधा सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्राचार्य डॉ. कुमारी विभा ने बताया कि सत्र 2026-27 में कुल 150 एमबीबीएस सीटों पर नामांकन होना है। इनमें स्टेट कोटा की 123, ऑल इंडिया कोटा की 23 और सेंट्रल नॉमिनी की चार सीटें शामिल हैं। नामांकन प्रभारी डॉ. मिलन ने रिक्त सीटों की स्क्रूटनी कर सूची कॉलेज प्रशासन को सौंप दी है।

स्टेट कोटा की 123 सीटों में फर्स्ट राउंड की काउंसिलिंग के बाद अब तक 12 छात्रों ने नामांकन लिया है। इस तरह 111 सीटें अभी रिक्त हैं, जिन पर सेकंड राउंड में 29 सितंबर तक दाखिला लिया जाएगा।
वहीं, ऑल इंडिया कोटा की 23 सीटों में सेकंड राउंड काउंसिलिंग के बाद 19 सीटों पर नामांकन हो चुका है और चार सीटें रिक्त हैं। सेंट्रल नॉमिनी की चार सीटों में अब तक एक छात्र ने नामांकन कराया है, जबकि तीन सीटें खाली हैं।
कॉलेज प्रशासन ने सभी कोटों की रिक्त सीटों का विवरण तैयार कर लिया है, ताकि आगे की नामांकन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सके।










