Advertisement

ग्राम सभा में आत्मनिर्भर पंचायत और बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा

-ग्राम सभा में आत्मनिर्भर पंचायत और बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में आत्मनिर्भर पंचायत बनाने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पंचायत स्तर पर राजस्व संग्रह को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुखिया सरिता पटेल ने बताया कि पंचायत के विकास के लिए विभिन्न स्रोतों से पंचायत टैक्स की वसूली की जाएगी। इससे प्राप्त राशि पंचायत के विकास कार्यों में खर्च की जाएगी। बैठक में हाट-बाजारों की बंदोबस्ती, नल-जल योजना से लाभान्वित प्रत्येक घर से प्रति माह 30 रुपये तथा स्वच्छता अभियान के तहत घर-घर से कचरा उठाव के बदले 30 रुपये प्रति घर वसूली का निर्णय लिया गया।

ग्राम सभा में वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी रखा। वार्ड संख्या-9 के महादलित टोला में नल-जल योजना से वंचित परिवारों को जल्द पेयजल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों ने अगली ग्राम सभा में पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों और पंचायत में कार्यरत कर्मियों को अनिवार्य रूप से सूचना देकर बुलाने की मांग रखी, ताकि आम लोगों को उनकी जिम्मेदारियों और पहचान की जानकारी हो सके।

ग्राम सभा में सबसे अधिक शिकायतें पीएचईडी विभाग से संबंधित रहीं। ग्रामीणों ने नल-जल योजना से जुड़ी कई समस्याओं को सामने रखा और उनके समाधान की मांग की।

मौके पर मुखिया सरिता पटेल, मुकेश पटेल, राम इकबाल सिंह, शंभू सिंह, राजेश राम, संतोष मलिक, वीरेंद्र कुमार दास, सुनील कुमार, मोहम्मद जमीर, परमानंद कुमार, उमेश कुमार, विनोद कुमार, प्रमोद कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।