Advertisement

तीन दिनों से लापता छात्र का बूढ़ी गंडक नदी से शव बरामद

-तीन दिनों से लापता छात्र का बूढ़ी गंडक नदी से शव बरामद

मुजफ्फरपुर। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सीढ़ी घाट के पास रविवार को बूढ़ी गंडक नदी से तीन दिनों से लापता छात्र संकेत आर्य का शव बरामद किया गया। नदी में शव उपलाता देख स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी मदन शाह के पुत्र संकेत आर्य के रूप में हुई है।


बताया गया कि संकेत ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुजफ्फरपुर में रह रहा था। पिछले तीन दिनों से उसके लापता होने की बात सामने आई थी। रविवार को सीढ़ी घाट के पास बूढ़ी गंडक नदी में शव मिलने के बाद उसकी पहचान हुई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।