Advertisement

PM मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार से बड़ी फौज पहुंचेगी दिल्ली

-पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार से बड़ी फौज पहुंचेगी दिल्ली

-एनडीए के सभी एमएलए-एमएलसी को भी बुलाया गया,
-बीजेपी के जिलाध्यक्ष से लेकर लोस प्रभारी तक हैं आमंत्रित

दीपक कुमार तिवारी।पटना।

9 जून की शाम राष्ट्रपति भवन में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री के अलावे भाजपा और एनडीए घटक दल के नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल होने कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी भारत पहुंच रहे हैं। इधऱ, भाजपा भी मोदी के शपथ ग्रहण को लेकर अपने स्तर से तैयारी कर रही है। बिहार भाजपा नेताओं की फौज ही दिल्ली जा रही है। बिहार से न सिर्फ भाजपा के नेता बल्कि एनडीए के सभी विधायक-विधान पार्षदों को भी निमंत्रित किया गया है। लोकसभा चुनाव 2024 के सभी एनडीए प्रत्याशियों को प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने को बुलाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण कल(रविवार) शाम होना है। शपथ ग्रहण समारोह में बिहार से नेताओं की बड़ी फौज दिल्ली जा रही है। इसमें जिलाध्यक्ष से लेकर कलस्टर प्रभारी,लोकसभा प्रभारी भी शामिल हैं। बिहार भाजपा की तरफ से इस संबंध में सूचित किया गया है। बिहार से जो राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं, राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य हैं एवं विशेष आमंत्रित सदस्य हैं वे भी प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित हैं।


इसके अलावे बिहार प्रदेश के सभी पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष एवं मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, बिहार बीजेपी कोर कमेटी के सभी सदस्यों को भी बुलाया गया है। बिहार के सभी जिलों के भाजपा जिला अध्यक्ष के अलावे कलस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी एवं लोकसभा संयोजक भी आमंत्रित हैं। लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सांसद, 2024 लोकसभा के एनडीए के सभी प्रत्याशी के अलावे निवर्तमान लोकसभा के सांसद, सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे। एनडीए के सभी विधायकों, विधान पार्षदों को बुलाया गया है। बिहार बीजेपी की तरफ से इस संबंध में आमंत्रण पत्र भेजा गया है। बिहार से जो बड़ी फौज दिल्ली जाने वाली है उनकी सुविधा के लिए पार्टी की तरफ से तीन नेताओं की ड्यूटी लगी है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए बिहार से तीन पदाधिकारी जगन्नाथ ठाकुर, राजेश वर्मा एवं संजय गुप्ता दिल्ली में ही मौजूद रहेंगे।