-मतलुपुर का पूर्व पंसस गायब,पोखर में डूबकर मौत की आशंका
-पोखर से मिला गमछा-चप्पल-साइकिल
-एसडीआरएफ ने 8 घण्टे तक पोखर में चलाई तलाशी अभियान
दीपक कुमार तिवारी।मुजफ्फरपुर/बन्दरा।
पीयर थाना क्षेत्र के घोसरामा में डूबने की एक दूसरी घटना भी सामने आई है। जहां घोसरामा कोठी पावर ग्रिड के पास एक गहरी एवं पुरानी पोखर में पूर्व पंचायत समिति सदस्य राजकुमार महतो(46) के डूबने की आशंका है। बताया जाता है की राजकुमार महतो ताड़ी निकालने के लिए पेड़ चढ़ने का काम करता था। वह सोमवार शाम से ही घर से गायब है। उसकी साइकिल एवं चप्पल पोखर के किनारे मिला है। वही आशंका के बीच प्रशासनिक अधिकारियों की पहल पर एसडीआरएफ की टीम के द्वारा मंगलवार को पोखर में सुबह के 9 बजे से शाम के 5 बजे तक तकरीबन 8 घंटे तक तलाशी का अभियान चलाया गया,लेकिन पोखर में कहीं भी शव का पता नहीं चल सका, हालांकि इस दौरान उसका एक गमछा पोखर की पानी से मिला है।

पंचायत समिति सदस्य नसीमा खातून के पति मोहम्मद जाहिद ने बताया कि पोखर जंगलों एवं पेड़ पौधों से घिरा हुआ काफी पुराना एवं तकरीबन 40 फीट गहरा है। आशंका है कि पोखर में डूबने से ही उसकी मौत हुई है। संभव है कि नशे की हालत में पेड़ पर चढ़ने या घर लौटने के दौरान पोखर में डूबने से उसकी मौत हो गई है। खोजबीन के दौरान पीयर थाने की पुलिस एवं प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों की टीम भी मौके पर कई घंटे तक जमी रही। लोगों की भारी भीड़ भी मौके पर जुटी थी। राजकुमार महतो का घर घोसरामा पासी टोला है,जबकि घटनास्थल घोसरामा कोठी स्थित पोखर है, जो उसके घर से काफी दूरी पर है।















