Advertisement

Breaking: बन्दरा के रामपुरदयाल में कचरा प्रबंधन कार्यक्रम को झटका,ग्रामीण कर रहे बहिष्कार; मुखिया ने जारी किया सूचना पत्र

-बन्दरा के रामपुरदयाल में कचरा प्रबंधन कार्यक्रम को झटका,ग्रामीण कर रहे बहिष्कार; मुखिया ने जारी किया सूचना पत्र

बन्दरा। दीपक।

प्रखंड के रामपुरदयाल पंचायत में कचरा-प्रबंधन कार्यक्रम की शुरुआत करने के बावजूद ग्रामीण दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।ग्रामीणों द्वारा बहिष्कार किया जा रहा है। लिहाजा इस संबंध में पंचायत के मुखिया ने पंचायत के लोगों के नाम सार्वजनिक सूचना पत्र जारी किया है जो पंचायत भवन एवं अन्य जगहों पर लगाया गया है। इस पत्र की प्रति सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। पत्र में कहा गया कि रामपुरदयाल पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी बन्दरा के द्वारा दिनांक 10.12. 2022 को रामपुरपंचायत में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य का शुभारंभ किया गया था। जिसमें समस्त जनता का सहयोग एवं अनुपालन करना है, परंतु देखा जा रहा है कि पंचायत में बहुत से लोग इसका बहिष्कार कर रहे हैं,जो बहुत ही खेदजनक है। जनता से अपील किया गया है कि सरकार द्वारा संचालित कचरा प्रबंधन के कार्यों के सफल संचालन में सभी लोग आवश्यक सहयोग प्रदान करें एवं सभ्य नागरिक का परिचय दें। पत्र में लिखा गया है कि इसका पालन नहीं करने पर भविष्य में आप सबका अन्य सरकारी लाभ जैसे पेंशन,राशन,आवास,कृषि अनुदान आदि से वंचित किया जा सकता है। अपील किया गया है कि कचरा प्रबंधन के सफल संचालन हेतु डस्टबिन का उपयोग एवं पालन करें। यह पत्र 17 फरवरी को जारी किया गया है।

इस संबंध में पंचायत के मुखिया ब्रजेश कुमार ने गुरुवार की शाम बताया कि पंचायत के लोग मासिक शुल्क (30 रुपया प्रति माह) नहीं देना चाह रहे हैं। जिस कारण लोग डस्टबिन लेने से इनकार कर रहे हैं। मुखिया ने बताया कि करीब 40-50 प्रतिशत लोग इससे वंचित है।इसलिए यह सूचना पत्र जारी किया गया है। वही इस संबंध में बीडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि रामपुरदयाल सहित प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में तकरीबन 20% लोग कचरा प्रबंधन अभियान में रुचि नहीं ले रहे हैं।ग्रामीण मासिक शुल्क देने से साफ इनकार कर रहे हैं।जिससे कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा।उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जन जागरूकता की भी जरूरत है।