चंपारण की खबर::
-मुहूर्त के साथ फ़िल्म चम्पारण सत्याग्रह की शूटिंग हुई शुरू, पहले दिन गाँधी जी कलक्टर से मिले
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
आज जिलापरिषद में युवराज मीडिया एण्ड इन्टरटेनमेंट द्वारा ’’चम्पारण सत्याग्रह’’ का भव्य मुहूर्त सम्पन्न हुआ इसके पश्चात महात्मा गाँधी (मुन्ना कुमार) राजकुमार शुक्ल (डा. राजेश अस्थाना) के साथ मोतिहारी के कलक्टर डब्ल्यू बी हेकॉक (सचिन पाण्डेय) से मिले और चम्पारण के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। मुहूर्त में पुजारी विनोद मिश्रा के मंत्रोच्चार के बीच वरिष्ठ गांधीवादी व गांधी संग्रहालय के सचिव ब्रजकिशोर सिंह ने क्लैप दिया तो मशहूर अभिनेता संजू सोलंकी ने शुभ नारियल तोड़ा।
किसानों के संकल्पों, संघर्षों और सपनों को प्रस्तुत करती फ़िल्म के निर्देशक डा. राजेश अस्थाना ने उपस्थित पत्रकारों को बताया कि आज की युवापीढ़ी चम्पारण सत्याग्रह को न के बराबर जानती है। उन्हें यह मालूम नही है कि उनके पूर्वजों ने कितनी कुर्बानियां दी है। भारतीय स्वतंत्राता संग्राम के इतिहास में पहले असहयोग आंदोलन के रूप “चम्पारण सत्याग्रह’’ का नाम स्वर्णाक्षरों में उल्लेखित है। फ़िल्म में भोजपुरी एवं हिन्दी फिल्मों के मशहूर कलाकार अभिनय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ़िल्म की शुरुआत ही दर्शकों को झकझोर कर रख देगी और पूरी फ़िल्म सम्पूर्ण विश्व में चम्पारण के अतीत के अनछुए पहलुओं से रूबरू कराएगी।

युवराज मीडिया एण्ड इन्टरटेनमेंट द्वारा कॉरपोरेट रूप में बन रही यह फ़िल्म एवं वेब सीरीज में सुप्रसिद्ध गाँधीवादी ब्रजकिशोर सिंह लिखित पुस्तक “चम्पारण में बापू” से संदर्भित है। युवा फ़िल्मकार ई. युवराज द्वारा निर्मित “चम्पारण सत्याग्रह” की परिकल्पना, कथानक, स्क्रिप्ट, संवाद, अभिनय एवं निर्देशन का जिम्मा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त बिहार के चर्चित फिल्मकार डा. राजेश अस्थाना ने संभाला है।
वहीं मुख्य कलाकारों में चम्पारण के वरीय कलाकार डा. राजेश अस्थाना, सोनू पाण्डेय, संजू सोलंकी, शाहिद राज, मुन्ना कुमार, सुमन मिश्रा, रवीश मिश्र, आलिशा सिन्हा, मंजू गुप्ता, प्रियंका, कलावती, बबीता श्रीवास्तव, सचिन पाण्डेय, ब्रजकिशोर सिंह, विनोद मिश्रा, सिकंदर ए आज़म, अरशद, पिंकू श्रीवास्तव, म.शाहनवाज, महफूज़ अकेला अभिनय कर रहे हैं। फ़िल्म में स्थानीय कलाकारों में सुरेंद्र पाण्डेय, पप्पु यादव, रामेश्वर प्रसाद, अनिल तिवारी, अमरेंद्र सिंह, राकेश ओझा, मुन्ना गिरी, देशबंधु तिवारी, रामबाबू तिवारी, रूपेश पाण्डेय, प्रभात रंजन, विजय सिंह, पप्पू गुप्ता, कपिलदेव पटेल, विजयकांत मणि त्रिपाठी, राकेश कुमार, मिठू गुप्ता, छोटन बैठा, रविप्रकाश समेत दर्जनों कलाकार अभिनय का जलवा बिखेर रहे हैं।
फ़िल्म के गीतकार चम्पारण के ही गीतों के राजकुमार की उपाधि से विभूषित पंडित अश्विनी कुमार आँसू एवं डा. राजेश अस्थाना हैं। तो संगीतकार स्नेहाशीष शिबू देब हैं। फ़िल्म में छायांकन अशोक माही, स्थिर छाया रिंकू गिरी का है तो संपादन बिहार के चर्चित फ़िल्म संपादक प्रेम आकाश एवं साउंड डिजाइन प्रेम कुमार के हैं। फ़िल्म में रूप सज्जा माइकल के हैं तो कला निर्देशन ऐतिहासिक सेट बनाने में माहिर राजकुमार उपाध्याय और टीम के हैं।















