Advertisement

Breaking: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने लिया यू-टर्न,आज कहा- मंत्रिमंडल या बोर्ड-निगम पर नहीं हुई है कोई बात

Breaking: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने लिया यू-टर्न,आज कहा- मंत्रिमंडल या बोर्ड-निगम पर नहीं हुई है कोई बात

दीपक कुमार तिवारी।पटना।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बयान से बिहार की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. सोमवार को जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा अध्यक्ष ने कहा था, ”मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा कभी भी हो सकती है.” हालांकि अगले ही दिन यानि मंगलवार की सुबह में उन्होंने अपने बयान से पलटी मार दी. दिलीप जायसवाल ने आज कहा कि जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान बोर्ड-निगम या मंत्रिमंडल विस्तार पर कोई बात नहीं हुई है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सोमवार के बयान से यू-टर्न लेते हुए कहा कि बोर्ड-निगम के गठन या मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष से कोई बात नहीं हुई थी. हम मंत्रिमंडल विस्तार पर बात करने दिल्ली नहीं जा रहे हैं.

सदस्यता अभियान की समीक्षा है इसलिए जा रहे हैं. सदस्यता के लिए आगे की क्या रणनीति होनी चाहिए, इस पर मंथन है. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से मुलाकात के दौरान क्या बात हुई, इसपर उन्होंने कहा कि हम लोग मिलते रहते हैं. कोई बोर्ड-आयोग या किसी तरह के मंत्रिमंडल विस्तार पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष से बात नहीं हुई है. हम जदयू अध्यक्ष से मिले थे, संगठन को निचले स्तर तक धारदार बनाने के लिए. बोर्ड निगम या मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हम नही मिले थे.
सोमवार को जेडीयू प्रदेश कार्यालय में उमेश कुशवाहा से मुलाकात के बाद जब दिलीप जायसवाल से पूछा गया कि क्या मंत्रिमंडल विस्तार होगा? तो उन्होंने कहा कि आयोग और बोर्ड की लिस्ट तैयार हो गई है, कभी भी इसकी घोषणा हो सकती है. मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा भी कभी भी हो सकती है. भाजपा अध्यक्ष के इस बयान के बाद चर्चा शुरू हो गई कि जल्द ही कैबिनेट में नए चेहरों को जगह दी जा सकती है. हालांकि अगले ही दिन दिलीप जायसवाल ने अपनी स्थिति स्पष्ट की और कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है.