-जमीनी विवाद के घटनाक्रम का जायजा लेने विधायक पहुंचे बैंगरी,आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाये सवाल
बंदरा। दीपक।
गायघाट विधायक निरंजन राय ने प्रखण्ड के बैंगरी गांव में पिछले दिनों जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी, गोलीबारी,बमबाजी आदि की घटनाक्रम का जायजा लिया। इस दौरान पीड़ित पक्ष के लोगों ने हत्था ओपी पुलिस एवं पदाधिकारी की कार्यशैली के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए पदाधिकारी के तबादले की मांग की। इस दौरान विधायक निरंजन राय ने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई एवं सुनवाई के लिए आश्वस्त किया। विधायक निरंजन राय ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान पियर थाना अध्यक्ष तथा हत्था ओपी के अध्यक्ष के खिलाफ लोगों में गहरी नाराजगी है। खासकर क्षेत्र के सभ्य एवं शांति पसंद लोग तंग-तबाह हैं।

पुलिस की कार्यशैली एवं व्यवहार को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है। इस मामले को लेकर वे जिले के सीनियर पुलिस अधिकारी से लेकर अन्य वरीय अधिकारियों से मिलकर सीधे कार्रवाई कराएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रतिनिधि और डीजीपी से भी मुलाकात की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने तथा अपराध पर लगाम लगाने के लिए सक्षम एवं अच्छे पुलिस पदाधिकारी के पदस्थापन कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर संबंधित पक्ष के लोगों से बातचीत हुई है। समस्या समाधान एवं अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु आश्वासन दिया गया है।












