-चोरों के चंगुल से फिर छूटे भगवान, बोरी में जानकी और लक्ष्मण संग मिले श्री राम; 20 साल में तीसरी बार की थी चोरी
आरा (भोजपुर)।संवाददाता।
भोजपुर जिले के आरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत छोटकी धरमपुरा गांव स्थित ठाकुरवारी से करीब तीन माह पूर्व चोरी की गई राम-जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु निर्मित मूर्तियों को अंततः बरामद कर लिया गया। मूर्तियों की बरामदगी छोटकी धर्मपुरा गांव स्थित झाड़ी से ही हो सकी है। चोरों ने मूर्तियों को पीले रंग के प्लास्टिक के बोरा में बांधकर छिपाया था।
हालांकि, अभी तक चोरों का पता नहीं चल सका है। इसे लेकर मठ के संरक्षक नंद किशोर पांडेय ने प्राथमिकी कराई थी। इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने मूर्तियों की जल्द से जल्द बरामदगी को लेकर सख्त हिदायत भी दी थी। तीनों मूर्तियों की बरामदगी भोजपुर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। संभावना जताई जा रही कि पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के कारण चोरों ने मूर्तियों को झाड़ी में छिपाया होगा।

मालूम हो कि आठ मई को ठाकुरबाड़ी के पुजारी मदन मोहन पांडेय रोज की तरह पूजा -पाठ करने के बाद अपने घर चले गए थे। इस दौरान आधी रात को आए अज्ञात चोरों ने राम, लक्ष्मण और जानकी की तीनों मूर्तियों को चुरा लिया था। जिसकी भनक किसी को नहीं लगी थी। दूसरे दिन जब पूजारी समेत अन्य लोग पूजा -पाठ के लिए पहुंचे और तीनों मूर्तियों को गायब देखा तो शोर मचाया था। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई थी। पहले तो लूट का रूप देने का प्रयास किया गया था।बाद में जांच में चोरी का मामला निकला था।
करीब 20 साल पहले भी कुछ सालों के अंतराल पर दो बार इस मंदिर के मठ से मूर्ति चोरी हुई थी। लेकिन ,घटना के एक दिन बाद ही चोरों ने पुनः चुराई हुई मूर्ति को झाड़ी में रख कर चले गए थे। मंदिर सौ साल से ज्यादा पुराना है। चोरी गई तीनों मूर्ति अष्टधातु की बताई गई थी। पुनः चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
















