-ससुराल में डूबी महिला,बूढ़ी गंडक नदी में उपलाती हुई शव पहुंची मायके
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक
बूढ़ी गंडक नदी के पुल से कूदकर शुक्रवार की दोपहर बाद पीयर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव की महिला मिंटू देवी(35) ने आत्महत्या कर ली थी। जिसका शव तकरीबन 24घण्टे बाद करीब 22 किमी दूर शनिवार की दोपहर के बाद पड़ोसी समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराईं से बूढ़ी गंडक नदी में उपलाती हुई अवस्था में बरामद किया गया।पीयर थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि समस्तीपुर जिला क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिली है। इधर, स्थानीय पीरापुर पंचायत के मुखिया गुड्डू कुमार ने बताया कि मृतका मिंटू देवी की मायके भी गोराई में ही थी। इधर शनिवार को दिन के तकरीबन 11 बजे से 3 बजे तक करीब 4 घण्टे तक एनडीआरएफ की टीम के द्वारा मृतका की शव की खोज लगातार बूढ़ी गंडक नदी के विभिन्न लोकेशनों पर की जाती रही,लेकिन टीम के सदस्यों को कामयाबी नहीं मिली।उधर मृतका के मायके वाले भी शव के इंतज़ार में गोराईं एवं आसपास के इलाकों में नज़र बनाए हुए थे। इस बीच 4 बजे के करीब गोराई में बूढ़ी गंडक नदी में उपलाती हुई अवस्था में मृतका के शव देखे जाने की खबर मिली। जिसके बाद मामले की जानकारी चकमेहसी थाने की पुलिस को दिए गए। लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।

ज्ञात हो कि बूढ़ी गंडक नदी के पिलखी पुल से कूदकर शुक्रवार की दोपहर बाद घरेलू विवाद एवं स्वयं सहायता समूह के लोन अदायगी आदि की बातों से परेशान महिला मिंटू देवी ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। जब तक स्थानीय लोगों के द्वारा बचाने का प्रयास किया गया, तब तक नदी के पानी में डूबने से उसकी मौत हो चुकी थी।















