-BIADA के नए प्रबंध निदेशक बने नवीन कुमार, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
पटना, 11 सितंबर। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) के नए प्रबंध निदेशक के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री नवीन कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने पर विभाग के वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री नवीन कुमार ने BIADA की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों ने प्राधिकार की ओर से संचालित योजनाओं और विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान प्रबंध निदेशक ने सभी कार्यों के प्रभावी, समन्वित और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से पूर्ण प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।














