*जमुई पहुंचे जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
मो. अंजुम आलम, जमुई (बिहार)।
अगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी धीरे- धीरे तेज होती जा रही है। अब नेताओं की भी चहलकदमी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पार्टी की मजबूती को लेकर जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को जमुई पहुंचे। जहां महिसौड़ी स्थित शगुन वाटिका में एक सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पप्पू यादव ने कहा कि कुछ दिनों में ही बिहार में एक नया गठबंधन उभर कर सामने आएगा। जो लोगों के लिए अहम विकल्प होगा।

जिसमें लोजपा, हम के अलावा कांग्रेस भी शामिल होंगे। इसको लेकर लगातार बातचीत हो रही है। पप्पु यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में इस गठबंधन में ज्यादा दलित, मुस्लिम समाज के उम्मीदवारों को उतारा जाएगा।




उन्होंने जाप कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव को लेकर तैयार रहने की बात कही। पप्पु यादव ने बिना नाम लिए स्थानीय नेताओं को दबंग बताते हुए कहा कि जमुई की राजनीति में जो कुछ लोग दबंगई कर कब्जा जमाए हैं। वैसे लोगों को सबक सिखाना है। सम्मेलन में पप्पु यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर नीतीश कुमार, सुशील मोदी पर भी अपनी भड़ास निकाली। साथ ही कहा कि अगर राज्य में हमारी गठबंधन की सरकार बनी तो अपराध के लिए नो टॉलरेंस पॉलिसी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा जो दूसरे प्रदेश में कमाने जाते हैं उन युवाओं के लिए बालू का टेंडर प्रखंड स्तर पर करके रोजगार देंगे। पूरे सूबे में अपराध सर चढ़कर बोल रहा है।







हमारी सरकार बनी तो सबसे पहले अपराध और अपराधियों को उखाड़ फेंकने का काम करूंगा। महिलाएं निडर होकर अपना कार्य कर सकेंगी। इसके अलावा उन्होंने कई वादा किए और जनता को भरोसा दिलाया। वहीं सभा की अध्यक्षता जाप के जिलाध्यक्ष मु. शमशाद आलम ने की। इस मौके पर शेखपुरा, लखीसराय, सहित अन्य जिला के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्यां में कार्यकर्ता मौजूद थे।












