-मुजफ्फरपुर में जिला स्तरीय नियोजन मेले का आयोजन
-24 कंपनियों ने युवाओं का किया चयन
-नियुक्ति पत्र के साथ मिली स्टडी किट और सिलाई मशीन
मुजफ्फरपुर। जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय आईटीआई परिसर, गन्नीपुर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। जिला नियोजनालय, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में जिले भर से हजारों युवक-युवतियों ने भाग लिया। मेले में 24 कंपनियों ने हिस्सा लेकर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रंजन कुमार, बोचहां विधायक बेबी कुमारी, सहायक निदेशक (नियोजन) जैनेन्द्र कुमार और जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सहायक निदेशक जैनेन्द्र कुमार ने दोनों विधायकों को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया।

नियोजन मेले में चयनित अभ्यर्थियों के बीच अतिथियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। वहीं, युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए युवकों को स्टडी किट और युवतियों को सिलाई मशीन प्रदान की गई, ताकि वे शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर नगर विधायक रंजन कुमार ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय पहल हैं। वहीं, बोचहां विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि युवाओं को स्टडी किट और युवतियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने से उन्हें शिक्षा एवं स्वरोजगार में मदद मिलेगी। उन्होंने जिला नियोजनालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे युवाओं के भविष्य के लिए उपयोगी बताया।












