-दुबई में जेल में बंद मुजफ्फरपुर के जमालुद्दीन ने पत्नी से लगाई गुहार
-फोन पर रोते हुए कहा- मुझे बचा लो, नहीं तो मर जाऊंगा
मुजफ्फरपुर। काम की तलाश में दुबई गए मुजफ्फरपुर के एक युवक के जेल में बंद होने का मामला सामने आया है। कथित धोखाधड़ी के मामले में दुबई की जेल में बंद जमालुद्दीन ने अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत के दौरान मदद की गुहार लगाई है। पति की बात सुनकर पत्नी और परिजन परेशान हैं।
मामला मुरौल ओपी क्षेत्र के ढोली बाजार स्थित मुरलिया चक वार्ड संख्या-10 का है। यहां के निवासी जमालुद्दीन की पत्नी खुशबू बेगम के अनुसार, 17 नवंबर को जेल से उनके पति का फोन आया था। इस दौरान दोनों के बीच महज तीन मिनट तक बातचीत हो सकी।

खुशबू बेगम ने बताया कि बातचीत के दौरान उनके पति रोने लगे। उन्होंने भावुक होकर कहा, “मुझे बचा लो, नहीं तो मैं मर जाऊंगा।” पति की यह बात सुनकर खुशबू बेगम काफी परेशान हैं। परिवार को अब उनकी सुरक्षा और सकुशल वतन वापसी की चिंता सता रही है।
परिजन जमालुद्दीन को दुबई की जेल से बाहर निकालने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं। मामले में संबंधित भारतीय दूतावास और प्रशासनिक स्तर पर सहायता की आवश्यकता है।












