Advertisement

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी, पेड़ की छांव में परिवार संग ग्रहण किया महाप्रसाद

-श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी, पेड़ की छांव में परिवार संग ग्रहण किया महाप्रसाद

-आंवले के वृक्ष के नीचे चूल्हे पर तैयार किए गए पारंपरिक सात्विक पकवान
-भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को लगाया गया भोग

मुजफ्फरपुर। शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बुधवार को आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आंवले के पेड़ के नीचे पूजा-अर्चना की और परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाने और खाने का विशेष महत्व माना जाता है।


इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए लोगों ने पेड़ों की छांव में चूल्हे पर पारंपरिक तरीके से खिचड़ी और अन्य सात्विक पकवान तैयार किए। इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना के बाद परिवार के सदस्यों और मित्रों के साथ बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मेल-मिलाप और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
स्थानीय निवासी रूपेश कुमार ने बताया कि आंवला नवमी के दिन आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है और इस दिन विधि-विधान से पूजा करने तथा भोजन ग्रहण करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी धार्मिक आस्था और पुरानी परंपराओं से जुड़ा हुआ है, जिसे लोग पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं।
आंवला नवमी के अवसर पर मुजफ्फरपुर में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।