-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्व. नंदकिशोर सिंह के श्राद्ध कार्यक्रम में दी श्रद्धांजलि,परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
-राजापाकर के बनघारा पहुंचे मुख्यमंत्री
-दिवंगत नंदकिशोर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
राजापाकर/वैशाली(दीपक तिवारी)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत बनघारा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने जदयू प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य संतोष कुमार कुशवाहा के पैतृक आवास पर आयोजित उनके दिवंगत पिता स्व. नंदकिशोर सिंह के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने स्व. नंदकिशोर सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की कामना की।
श्राद्ध कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक मंगल पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग, स्थानीय नागरिक और स्व. नंदकिशोर सिंह के परिजन उपस्थित रहे।












